दैनिक भारत न्यूज

वाराणसी।
जैतपुरा थाना क्षेत्र के ढेलवरिया बड़ी मंदिर के पीछे वरुणा नदी के किनारे करीब 32 वर्षीय युवक का शव मिला था। पहचान न होने के कारण बॉडी शिवपुर स्थित शवगृह में रखवाया गया था। चौकी प्रभारी संदीप सिंह के प्रयासों से मृतक की पहचान मोहम्मद अकलाख अहमद पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी ग्राम इस्माइलपुर, पोस्ट कलिचाबाद, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई।
अकलाख राजगीर मिस्त्री का काम करता था और नक्कीघाट में किराये पर कमरा लेकर रहता था। बाढ़ के दौरान उसका मकान पानी में डूब गया था, जिसके बाद वह कुछ दिनों से दूसरे मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार मृतक की पत्नी का नाम मुस्कान चौरसिया है और उनका एक बेटा भी है। पति-पत्नी के बीच कुछ विवाद के बाद पत्नी अपने मायके आजमगढ़ में रह रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक अकलाख शराब का सेवन भी करता था और अक्सर रात में नदी किनारे बैठकर शराब का सेवन किया करता था। शव की पहचान होने के बाद परिजन वाराणसी पहुंच गए हैं। पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस ने मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *