
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बाजार के पास बरडीहा मोड़ स्थित आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर शनिवार को सड़क हादसा हो गया। इस घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तो वहीं एक ने ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार आर्टिका कार की सामने चल रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने अपना नाम अजमल आलम पुत्र लाल मोहम्मद बताया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उसे कार से बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। वहीं कार चालक का आधा शरीर वाहन में फंसा हुआ था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों और मृतकों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहाँ इलाज के दौरान एक ने दम तोड़ दिया। पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
