दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के अंतर्गत आजमगढ़ जनपद के लिए 08 पर्यटन विकास की परियोजनाओं हेतु स्वीकृत 889.77 लाख रूपये के सापेक्ष 617 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इनमें विधानसभा सगड़ी, मुबारकपुर, लालगंज, सदर, निजामाबाद, फूलपुर पवई, दीदारगंज तथा गोपालपुर शामिल हैं। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि सगड़ी विधानसभा के अंतर्गत शिवमंदिर साल्हेपुर अजमतगढ़ के लिए 31 लाख रूपये, विधानसभा मुबारकपुर के विकासखंड सठियांव के डिलिया गांव में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 17 लाख रूपये, इसी प्रकार लालगंज के ब्रह्म बाबा स्थल के लिए 75 लाख रूपये, सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दुर्वासा ऋषि आश्रम के पर्यटन विकास के लिए 65 लाख रूपये, सदर के ही नगर पालिका परिषद के अंतर्गत स्थित एकलव्य स्थल एवं भगवान शंकर जी के मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 74 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि निजामाबाद विधानसभा के दत्तात्रेय आश्रम के पर्यटन विकास के लिए 43 लाख रूपये, फूलपुर पवई विधानसभा क्षेत्र में गढ़वा हनुमान मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 01 लाख रूपये, दीदारगंज विधानसभा के अंतर्गत शिवधाम बधवा महादेव पातालपुरी मंदिर के पर्यटन विकास तथा गोपालपुर विधानसभा के अंतर्गत विकासखण्ड बिलरियागंज के ग्रामसभा वर्जी हजियापुर में स्थित तेजवर बाबा मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 73 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्राचीन धार्मिक स्थलों को नया स्वरूप देने के लिए पूरे प्रदेश में पर्यटन विकास की परियोजनायें स्वीकृत की गयी है। उन्होंने कहा कि आस्था के साथ विकास की परिकल्पना को साकार करते हुए धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार के साथ बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराई जा रही है। जिसके लिए पर्यटन विकास की परियोजना शुरू की गयी है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ मण्डल में जो परियोजनायें स्वीकृत की गयी है, उनके लिए यूपीएसटीडीसी कार्यदायी संस्था को विकास कार्य की जिम्मेदारी सौपी गयी है। कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया है कि समस्त कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *