
आजमगढ़।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नौशहरा निवासी तबस्सुम ने अपने पति नेहाल हासिम पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने का आरोप लगाते हुए प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर कोतवाली को शिकायती पत्र सौंपा है। तबस्सुम ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2017 में थाना मुबारकपुर क्षेत्र के चकशिकठी इस्लामपुरा निवासी नेहाल हासिम पुत्र नजीर अहमद से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसके पति पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि शादी के बाद पति जीयनपुर के नौशहरा में आकर रहने लगा और आए दिन मारपीट करता था। इससे परेशान होकर वह अपने नाबालिग भाइयों के साथ अलग रहकर सिलाई का कार्य कर जीवन यापन करने लगी।
प्रार्थिनी का कहना है कि इसी दौरान जानकारी मिली कि उसके पति ने फर्जी कागजातों के आधार पर जीयनपुर का निवासी बनकर पासपोर्ट बनवा लिया और विदेश भी चला गया। फिलहाल कुछ कानूनी कारणों से वापस नौशहरा में रह रहा है।
तबस्सुम ने पुलिस से मांग की है कि मामले की जांच कर फर्जी पासपोर्ट बनवाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताय कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
