
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर, अजमतगढ़ में एक शादी समारोह उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब जयमाल के दौरान कूलर की हवा को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ में एक शादी समारोह धूमधाम से चल रहा था। घराती और बाराती पक्ष के लोग जयमाल कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान मंच के पास लगे कूलर की हवा किस दिशा में जाएगी, इसे लेकर दोनों पक्षों के कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में यह विवाद मामूली लग रहा था, लेकिन कुछ ही देर में बात बढ़ती चली गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज और उसके बाद अचानक मारपीट शुरू हो गई। माहौल इतना बिगड़ गया कि कुछ लोगों ने धारदार हथियार निकाल लिए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। देखते ही देखते शादी का खुशनुमा माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया। मौके पर मौजूद महिलाएं और बच्चे भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। वहीं इस हिंसक झड़प में आमिर चंद्र साहनी (26 वर्ष), पुत्र मिठाईलाल, की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें गंभीर रूप से चाकू मारा गया, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, इस घटना में राजकुमार साहनी (पुत्र परशुराम), अभिलाष साहनी (पुत्र प्रहलाद) और साहिल यादव (पुत्र तारकेश्वर, निवासी बेलसरी, चेनपुर, पोस्ट टाड़ा, जनपद गोरखपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सगड़ी और जीयनपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं इस पूरे मामले में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शादी जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद अक्सर बड़े रूप ले लेते हैं, इसलिए ऐसे आयोजनों में संयम और समझदारी बेहद जरूरी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद किस तरह अचानक हिंसक हो गया और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन इस घटना से सदमे में हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
