दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रातः जिला महिला चिकित्सालय परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व अपर निदेशक, आजमगढ़ मंडल डाॅ विजय कुमार सिंह , मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा एवं अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय डॉ. विनय सिंह यादव ने किया।
तिरंगा यात्रा चिकित्सालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में भ्रमण करते हुए पुनः जिला महिला चिकित्सालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में चिकित्सालय के चिकित्सकों, एएनएमटीसी की नर्सिंग छात्राओं, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर सभी ने एकजुटता के साथ राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “जय जवान-जय किसान”, “अमर शहीद अमर रहें” एवं “वंदे मातरम्” के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। नर्सिंग छात्राओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों के जोशीले नारों ने आयोजन में विशेष उत्साह भर दिया। तिरंगा यात्रा अभियान में डाॅ अशोक पटेल, डाॅ ज्योत्सना द्विवेदी, डाॅ श्रेष्ठा अग्रवाल, मैट्रेन दुर्गा देवी, स्मिता राय, शकुन्तला यादव, एएनएमटीसी की प्रधानाचार्य प्रियंका यादव सहित अन्य चिकित्सक एवं चिकित्साकर्मी उपस्थित रहे।
अपर निदेशक, आजमगढ़ मंडल डाॅ विजय कुमार सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की इस तरह की सहभागिता समाज में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को और मजबूत करती है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान, स्वतंत्रता और उन वीर सपूतों के बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हर घर तिरंगा अभियान हमें अपने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ-साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपने दायित्व का स्मरण कराता है।
अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय डॉ. विनय सिंह यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा में चिकित्सकों, नर्सिंग छात्राओं, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। उन्होंने अपर निदेशक एवं मुख्य चिकित्साधिकारी सहित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हम सभी के भीतर राष्ट्रप्रेम, एकता और कर्तव्यबोध की भावना को और मजबूत करते हैं। यात्रा के समापन पर सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *