आशीष तिवारी

आजमगढ़।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला बोला। मुद्दा था अयोध्या में चढ़ावे की चोरी का मामला। आस्था, SIT रिपोर्ट और ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ – हर मुद्दे पर अखिलेश ने सरकार को घेरा। साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर एक चेतावनी भी दे डाली।
आजमगढ़ जिले में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या में हुए चढ़ावा चोरी के मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या सिर्फ भारत की नहीं, बल्कि दुनिया भर के सनातनियों की आस्था का केंद्र है। जब खबरें बाहर आईं तो सरकार को झुककर SIT गठित करनी पड़ी। पर सवाल ये है कि SIT की रिपोर्ट किसे दी गई? अखिलेश ने कहा कि अब तक जो कार्रवाई हुई है उससे देश की जनता दुखी है। अखिलेश ने सीधे मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे थे ‘दूध का दूध पानी का पानी कर देंगे’। तो हम कह रहे हैं कि चोरी का सोना और चांदी वापस कर दो। साथ ही आरोप लगाया कि बीजेपी के लिए धर्म से ज्यादा धन जरूरी है। उनके लिए धन ही धर्म बन गया है। अखिलेश ने चेतावनी दी कि आस्था से खिलवाड़ करने वालों को प्रभु श्री राम माफ नहीं करेंगे। अखिलेश ने 2027 चुनाव को लेकर सीधी चेतावनी दी। कहा कि ‘मैं डरा नहीं रहा, लेकिन यूपी में बीजेपी अगर इस बार जीती तो आप आखिरी बार वोट डाल रहे होंगे’। साथ ही वन नेशन वन इलेक्शन का मुद्दा उठाते हुए तंज कसा कि जो लोग वन नेशन वन इलेक्शन की बात करते हैं, वो प्रधान का चुनाव तक नहीं होने दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *