
आशीष तिवारी
आजमगढ़।
जिले में अपराध का पारा एक बार फिर हाई हो गया है। जहाँ देर रात बाइक सवार बदमाशों ने मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में ताबड़तोड़ गोली मारकर कार सवार एक प्रापर्टी डीलर को मौत के घाट उतार दिया। जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाशों ने इस वारदात को तब अंजाम दिया जब दोनों प्रापर्टी डीलर देर रात किसी समारोह से अपने घर के करीब पहुँचने ही वाले थे कि बाइक सवार बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एसपी आजमगढ़ डॉ अनिल कुमार ने घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन कर दिया है।
जहानागंज थाना क्षेत्र के कोढ़वा गांव निवासी 24 वर्षीय सुशील कुमार पुत्र संतराज राम अपने मित्र उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव निवासी रानीपुर थाना मुबारकपुर के साथ बुधवार रात करीब 12 बजे एक भंडारे में शामिल होने जा रहा था। दोनों कार से रानीपुर गांव पहुंच रहे थे, तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वहीं गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायल पिंटू यादव पूर्व में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुका है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
मृतक सुशील कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। चर्चा है कि पुराने साथियों से विवाद और कामकाज में बदलाव को लेकर रंजिश चल रही थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
