दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
प्यार में धोखा मिलना दुनिया का सबसे पुराना दर्द है। मगर जब ये दर्द रील बनकर वायरल होने की सनक से मिल जाए, तो अंजाम खतरनाक हो जाता है। आजमगढ़ जिले में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां एक प्रेमी ने प्रेमिका की बेवफाई से आहत होकर न सिर्फ बुके में आग लगा दी बल्कि अपने बुलेट के चारों तरफ आग लगाकर खतरानक स्टंट कर रील बनाई। वीडियो देखते ही देखते लाखों लोगों तक पहुंच गया और पुलिस भी हरकत में आ गई। जिसके बाद प्रेमी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।


आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम आवास निवासी सर्वेश सोनकर नाम के युवक का शहर के ही एक युवती से 2 साल से प्रेम-संबंध था। सर्वेश ने अपनी प्रेमिका को कई बार लाल गुलाब का बुके गिफ्ट किया था। इस दौरान उसकी प्रेमिका ने वादा किया था कि “ये गुलाब कभी नहीं मुरझाएंगे”। इन दोनों का प्रेम देखते ही देखते परवान चढ़ने लगा और दोनों एक दूसरे के साथ सात जन्मो तक साथ रहने की ठान ली। लेकिन कुदतर को शायद कुछ और ही मंजूर था और अचानक से सर्वेश की प्रेमिका उससे दुरी बनाने लगी। धोखे से टूटे सर्वेश ने उसी मुरझाए बुके को आखिरी ‘सबूत’ बनाया। आधी रात को शहर से गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जाकर उसने बुके के साथ अपनी और प्रेमिका की फटी फोटो रखी और आग लगा दी।

जलते हुए बुके का वीडियो बनाकर उसने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। कैप्शन लिखा – “लौटा रहा हूँ तेरा ‘फॉरएवर’, राख की शक्ल में।” रील अपलोड होते ही आग की तरह फैल गई। #BewafaiKaAnjaam ट्रेंड करने लगा। कुछ लोगों ने इसे “टूटे दिल का इंसाफ” कहा तो कई ने “खतरनाक स्टंट” कहकर आलोचना की। वीडियो की भयावहता देखकर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया। आगजनी और सार्वजनिक जगह पर खतरनाक स्टंट करने के आरोप में सर्वेश के खिलाफ जांच शुरू हुई। जिसके बाद पुलिस ने सर्वेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और उसके बुलेट बाइक को भी सीज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *