
दैनिक भारत न्यूज
हरदोई जिले में अंबेडकर जयंती मनाने के लिए उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए भाजपा के विधायक श्याम प्रकाश के बिगड़े बोल से चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है।
भाजपा विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान हैं। हरदोई के गांधी मैदान में एकीकृत पासी समाज उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में विधायक ने कहा कि यदि समाज को आगे बढ़ाना है और अपना महत्व स्थापित करना है, तो वर्तमान नेतृत्व के साथ जुड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा, हम जीवित व्यक्ति को भगवान मानते हैं। योगी और मोदी भगवान के रूप में हैं, क्योंकि वे हमें कुछ दे सकते हैं, जबकि पत्थरों के आगे गिड़गिड़ाने से कुछ हासिल नहीं होता। विधायक ने अपने भाषण में ढोंग और पाखंड छोड़कर समाज को एकजुट करने की अपील की। उन्होंने कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कई लोग दलितों के नाम पर राजनीति कर अपने स्वार्थ साधते हैं, लेकिन समाज का वास्तविक हित नहीं कर पाते। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में समाज को सम्मान और महत्व मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने बाबा साहब अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें महान समाज सुधारक और दलितों का मसीहा बताया। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों को अपनाने और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद, अन्य विधायक और भाजपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विधायक के बयान को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है।
