
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
अधिवक्ता की जमीन को गलत तरीके से दूसरे के नाम से कागजात में दर्ज करा लेने के विरोध में दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता सोमवार को पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस संबंध में दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की आपात बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने तथा संचालन संघ के मंत्री आनंद श्रीवास्तव एडवोकेट ने किया। बैठक में विकास सिंह एडवोकेट के प्रकरण में प्रार्थना पत्र पर चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मत से निर्णय लिया गया कि विकास सिंह की जमीन के मामले में आधारहीन तथ्यों के आधार पर तहसीलदार सदर के न्यायालय में एक पक्षीय आदेश गलत तरीके से पारित कर लिया गया है। जिसका सभी अधिवक्ता विरोध करते हैं। इस मामले में मुकदमा जनपद न्यायाधीश की अदालत में लंबित है। सभी अधिवक्ताओं ने विकास सिंह के समर्थन में सर्वसम्मत से पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। इसी बैठक में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के प्रस्ताव का भी समर्थन किया गया।
