दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
लालगंज बाजार से सटे दक्षिण तरफ स्थित उदंती नदी करीब दो सौ मीटर अभिलेखों में भूमिधरी हो गयी है। यह मामला अभी सुलझ भी नहीं पाया कि निजामाबाद कस्बे में चौकाने वाला खुलासा हुआ। यहां पर
राहुल पूर्व माध्यमिक विद्यालय निजामाबाद की जमीन सरकारी अभिलेख में गायब है। सन् 1805 में स्थापित यह परिषदीय विद्यालय सरकारी अभिलेख में दूसरे की जमीन में स्थित है। सरकारी अभिलेख में हेरा फेरी से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। मामला संज्ञान में आने पर तहसील प्रशासन गलती का पता लगाने के लिए सरकारी अभिलेखों की जांच करने में जुटा है।
ब्रिटिश काल में स्थापित इस विद्यालय में महान यायावर राहुल सांकृत्यायन व कवि सम्राट अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध ने कभी शिक्षा ग्रहण की थी। राहुल सांकृत्यायन ने 1907 में निजामाबाद कस्बे में मिडिल की परीक्षा उत्तीर्ण की। पंदहा गांव में 1994 में आयोजित राहुल के शताब्दी समारोह में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल मोतीलाल बोरा ने निजामाबाद के इस स्कूल का नाम जिसमें राहुल ने शिक्षा ग्रहण की थी। उसका नाम राहुल पूर्व माध्यमिक स्कूल कर दिया था।
कवि सम्राट अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ ने इसी विद्यालय में शिक्षा ग्रहण की और 1883 में इसी मिडिल स्कूल के हेडमास्टर हो गए। 1890 में क़ानूनगो की परीक्षा पास करने के बाद आप क़ानूनगो बन गए। सन् 1923 में पद से अवकाश लेने पर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में प्राध्यापक बने।
धीरे-धीरे इस विद्यालय का भवन जर्जर हो गया। नया विद्यालय भवन बगल की जमीन पर बन गया। आज जिसमें विद्यालय संचालित है। पुराने भवन को जर्जर देखते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 29 सितंबर 2021 को बैठक हुई। तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह ने एक लाख 57 हजार 3 सौ रुपये में विद्यालय के जर्जर भवन की ईटों को नीलाम करने का आदेश दे दिया। जिसके क्रम में विद्यालय भवन की ईंट नीलाम हो गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्यामबिहारी यादव की मांग पर जिलाधिकारी ने खाली पड़ी जमीन की बाउंड्री वाल के लिए 4 लाख 20 हजार रुपये जारी किया। रुपया मिलने पर विद्यालय की नई बाउंड्री होने लगी। लेकिन कस्बे के कुछ लोगो ने बाउंड्री वाल का विरोध किया। प्रधानाध्यापक श्यामबिहारी यादव ने इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी निजामाबाद से की। क्षेत्रीय लेखपाल विक्रांत सिंह ने जब अभिलेख को देखा तो विद्यालय के नाम कोई भूमि ही नहीं मिली। जब इसकी सूचना लोगों को मिली तो लोग दंग रह गये।
इस संबंध में एसडीएम निजामाबाद संत रंजन ने बताया कि ‘परिषदीय विद्यालय राहुल पूर्व माध्यमिक विद्यालय निजामाबाद के नाम से घूरीपुर (टाउन अंदर) गांव के सरकारी अभिलेख में कोई भूमि दर्ज नहीं है। प्रकरण संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है। कहां त्रुटि हुई है, शीघ्र पता चल जायेगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *