अरुण यादव

आजमगढ़।
ऑपरेशन त्रिशूल के तहत मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम को बुधवार को पुलिस कार्यालय में सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कुल 8 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनकी पीठ थपथपाई।
उल्लेखनीय है कि 22-23 नवंबर की रात थाना मुबारकपुर पुलिस टीम ने बावन बीघा पुलिया के पास चेकिंग के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 1 किलो 16 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई थी। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी, दो मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो डिब्बे रासायनिक पदार्थ ब्रुसीन और 1,130 रुपये नकद भी बरामद किए गए थे। इस मामले में थाना मुबारकपुर में मु.अ.सं. 402/2026 धारा 8/21/22/29/60(3) एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल रिकॉर्ड के जरिए अब इस तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इस बरामदगी को जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में मुबारकपुर थाने के चौकी प्रभारी कस्बा उ.नि. विश्वदीप सिंह, हे.का. दीपक कुमार, का. छोटेलाल गौड़, का. गोविंदा, का. रामाकांत यादव, का. नंदलाल कुशवाहा तथा नगर कोतवाली की पहाड़पुर चौकी प्रभारी उ.नि. प्रमोद कुमार यादव शामिल हैं।
SSP डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को इसी निष्ठा और सतर्कता से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *