आशीष तिवारी

आजमगढ़।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत की हेरोइन बरामदगी के बाद पुलिस अब मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुट गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत का पता लगाया जा सके। अब तक की जांच में पुलिस को कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर की रात मुबारकपुर थाना पुलिस ने बावन बीघा पुलिया के पास चेकिंग के दौरान आजमगढ़ शहर के कोटकिला मोहल्ला निवासी मो. शाहिल और जीशान को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक किलो से अधिक हेरोइन बरामद हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ दस लाख रुपये बताई गई। दोनों आरोपी स्कूटी से मादक पदार्थ की सप्लाई करने जा रहे थे।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हेरोइन कौन उपलब्ध कराता था और इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था। इसके लिए दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन में मौजूद कॉल डिटेल, संपर्कों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।
पुलिस की अब तक की जांच में यह भी सामने आया है कि नशीली पुड़ियों की सप्लाई के लिए युवा छात्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कम मेहनत में अधिक रुपये कमाने का लालच देकर छात्रों और युवाओं को इस नेटवर्क से जोड़े जाने की आशंका है। जांच में कुछ सफेदपोश लोगों के भी इस धंधे से जुड़े होने की जानकारी पुलिस को मिली है। हालांकि, इनके खिलाफ कार्रवाई से पहले पुलिस ठोस साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मादक पदार्थ के कारोबारी चाय-पान और छोटी दुकानों के माध्यम से भी नशीले पदार्थ की सप्लाई कराते हैं। ऐसे स्थानों पर युवाओं की आवाजाही अधिक होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जाता है। पहले नशे की लत लगाकर बाद में युवाओं के जरिए नशीले पदार्थ की बिक्री कराने का नेटवर्क संचालित किए जाने की आशंका है।

सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि पुलिस गिरोह की जड़ तक पहुंचने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसके लिए कई टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *