दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
जनपद स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय परिसर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय प्रभारी रामचंद्र यादव का शव उनके कमरे में मिला। घटना की जानकारी होते ही भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 57 वर्षीय रामचंद्र यादव पुत्र होरी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भाजपा कार्यालय परिसर में बने कमरे में रहते थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो कार्यालय में मौजूद लोगों को चिंता हुई। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर किसी तरह उसे खुलवाया गया। अंदर रामचंद्र यादव का शव पड़ा देख लोग स्तब्ध रह गए। भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने बताया कि रामचंद्र यादव करीब 35 वर्षों से पार्टी से जुड़े हुए थे। उन्होंने पुराने भाजपा कार्यालय में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया था। वर्ष 2019 में नए जिला कार्यालय का निर्माण होने के बाद से वह कार्यालय प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित और पुराने कार्यकर्ता को खो दिया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि रामचंद्र यादव के निधन से पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दुखी हैं। उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया राजघाट पर की जाएगी। शोक के चलते पार्टी की ओर से निर्धारित सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। वहीं, सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया रामचंद्र यादव की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *