
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
शहर के प्रमुख भीड़ वाले मुहल्लों में स्थित शराब के ठेके पर शुक्रवार की रात भारी भरकम फोर्स के साथ एसपी सिटी के पहुंचने से हड़कंप मच गया। दुकान के बाहर बैठकर शराब पीने वालों को एसपी सिटी ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया। एसपी सिटी ने अनुज्ञापियों को निर्देश दिया कि किसी भी दशा में सीसीटीवी कैमरा बंद नहीं होना चाहिए। यदि कोई कैमरा खराब है तो उसे तत्काल दुरुस्त करवाने निर्देश दिया।
शहर के गुलामी का पुरा, कालीनगंज, लालडिग्गी, सिविल लाइंस, ब्रह्मस्थान, बलरामपुर आदि भीड-़भाड़ वाले मुहल्ले में अंग्रेजी, देशी और बीयर की दुकानें स्थित हैं। यहां पर ग्राहक शराब खरीदकर ठेके के बगल वाली दुकान पर ही खुले में बैठकर शराब पीते हैं। इस दौरान आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां भी कसते हैं। इसको लेकर कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ सिटी शुभम तोदी, शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय और आबकारी विभाग की टीम के साथ पैदल गश्थ करते हुए गुलामी का पूरा मुहल्ले में स्थित शराब की दुकान पर पहुंचे। यहां कोट मोहल्ला निवासी समीर पुत्र मुस्तफा नशे में उत्पात करते हुए दिखा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसी स्थान पर दुकान के बाहर बैठकर कुछ लोग शराब पीते दिखे तो पुलिस उनके पास पहुंची और दोबारा ऐसी हरकत करते हुए पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। साथ ही दुकान की सघन तलाशी ली गई।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पर्वों को देखते हुए पैदल गश्त करते हुए शराब की दुकानों को चेक किया गया। कुछ लोग बाहर बैठकर शराब पीते दिखे, उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। शराब की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे को दुरुस्त और सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
