
अरुण यादव
आजमगढ़।
सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी कक्षा नौ की छात्रा अपने स्कूल के प्रिंसिपल सहित अन्य की प्रताड़तना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। आरोपीगण छात्रा को स्कूल की फीस समेत अन्य बातों को लेकर अक्सर परेशान कर रहे थे। घटना की जानकारी होने पर सिधारी थाने की पुलिस पहुंची और लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी है। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। उधर छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मृत छात्रा राशि गोंड़ (14) पुत्री आशीष गोंड़ थी। वह सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव की रहने वाली थी। वह तीन बहन और एक भाई में सबसे बड़ी थी। सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ बाजार के पास स्थित एक प्राइवेट विद्यालय में कक्षा नौ में पढ़ रही थी। शुक्रवार को राशि स्कूल गई हुई थी। वहां पर दीपावली के अवसर पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में भाग ली थी। राशि शुक्रवार को दिन में करीब साढ़े तीन बजे अपने घर पहुंची। घर आने के कुछ ही देर बात उसे उल्टियां होने लगी। तबियत बिगड़ने पर परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए। हालत गंभीर देख डाक्टर ने रेफर कर दिया तो उसे देर शाम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृत राशि की मां आरती देवी और चाचा आकाश की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। चाचा आकाश ने बताया कि इलाज के दौरान राशि कुछ देर के लिए होश में आई थी। इस दौरान उसने बताया कि वह स्कूल में समौसा खाई, जिसमें जहर मिला हुआ था। उसी की वजह से तबियत खराब हुई। राशि के मुताबिक स्कूल के प्रिंसिपल सहित अन्य स्टाफ अक्सर उसे फीस सहित अन्य बातों को लेकर प्रताड़ित करते थे। राशि की मौत के बाद घटना की सूचना सिधारी थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने राशि की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। प्रभारी निरीक्षक सिधारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा और घर वालों की तरफ से जो तहरीर मिलेगी। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
