
नरेंद्र बहादुर राय
बेंगलुरू।
एक ही परिवार के कुल सात लोगों की हत्या कांड का मामला सामने आया है। हत्या बारी बारी से दो दिनों में हुई। इसको ले कर इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के बताने के अनुसार बेंगलुरु के राजाजी पुरम निवासी इंदुशेखर ने ही इस हत्या कांड को अंजाम दिया।हत्या के पीछे बात महज इतनी ही थी कि उसकी पत्नी सुनीता बार बार मायके जाने की रट लगाए हुई थी। इस बात को लेकर पति इंदु शेखर व पत्नी सुनीता के बीच अक्सर विवाद होता रहा। इस बीच पत्नी सुनीता के मायके वाले भी उसका पक्ष ले रहे थे। इसी बात को ले कर इंदु शेखर काफी नाराज था। उसने पत्नी सहित मायका परिवार के लोगों की हत्या करने की योजना बनाई। इंदुशेखर ने पहले पत्नी सुनीता की हत्या कर उसका शव ठिकाने लगा दिया। फिर उसने अपने सालों शिव कुमार व शंकर को दावत के बहाने अपने घर बुलाया। वहां दोनों को मौत के घाट उतार दिया। फिर साले शिवकुमार की पत्नी दिव्या तथा शंकर की पत्नी नलिनी, सास रूपवती, तथा शिव कुमार के 7 वर्षीय बेटे पुनीत की हत्या कर शवों को अलग अलग स्थानों पर ले जा कर ठिकाने लगा दिया। उसने घर में रखे शिलबट्टे से सारी घटना को अंजाम दिया।इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब मृतका नलिनी की मां द्वारा बेटी की श्रीरामपुरम थाना में गुमशुदगी दर्ज कराने पर पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस ने, जब इंदुशेखर से पूछताछ शुरू की तो वह अनाप शनाप जवाब देने लगा। इस पर इंदुशेखर पर शक की सुई गहराने लगी। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ शुरू किया तो वह टूट गया। घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर लिया।।पुलिस ने इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया। 7 वर्षीय पुनीत का शव भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। शेष शवों की तलाश जारी है। बेंगलुरु उत्तरी संभाग के पुलिस उपायुक्त बी एस नेमा गौड़ा ने बताया कि इस मामले में दो सहायका पुलिस आयुक्त, 4 निरीक्षक एवं 50 पुलिस कर्मियों की टीम गठित की गई है। विभिन्न स्थानों पर ठिकाने लगाए गए शेष शव भी जल्द ही बरामद कर लिए जाएंगे।
