
नरेंद्र बहादुर राय
आजमगढ़।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मकसूदिया गांव के पास ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दिया। शुक्रवार को हुए इस भीषण सड़क हादसे में टेंपो सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में अन्य कुल छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चीखपुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी आ गयी। शवों की शिनाख्त की कार्रवाई शुरू हुई।
मृतकों की पहचान प्रमिला (51) पत्नी स्वर्गीय राजनाथ चौहान निवासी मकसुदिया, कोतवाली फूलपुर, दिनेश (45) पुत्र पतिराज हरिजन निवासी नियाउज, फूलपुर तथा अंतर्ध्यानी (60) पत्नी राम लवटन गोड़ निवासी करौजा थाना फूलपुर के रूप में हुई है। अंतर्ध्यानी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में घायल लोगों में मो. अतहर (19) पुत्र अशहर और मो. उमैर (17) पुत्र आशिफ निवासी लखमापुर, थाना पवई, यूसुफ (19) पुत्र आफताब आलम निवासी टेऊंगा, फूलपुर तथा शादान (17) पुत्र मुन्ना निवासी उदपुर, फूलपुर शामिल हैं। इसके अलावा टेंपो सवार मुस्तकीन (23) पुत्र खलील अहमद निवासी मुड़ियार ईदगाह और मो. अशरफ (38) पुत्र मो. इसहाक निवासी पलिया अदाई, फूलपुर घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि टेंपो में सवार पांच लोगों में तीन की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए हैं। वहीं स्विफ्ट कार में चालक समेत चार लोग सवार थे, सभी घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही अंबारी पुलिस चौकी प्रभारी सतेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतका प्रमिला के पति की दो वर्ष पहले कैंसर से मौत हो चुकी थी। परिवार में दो बेटे योगेंद्र (20), नागेंद्र (18) और दो बेटियां करीना (17), रबीना (16) हैं। मां बाप दोनों की बच्चों के सिर से साया उठ जाने से उनके भविष्य पर अनेक सवाल खड़ा हो रहे हैं। वहीं दिनेश की मौत से पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दिनेश के पास कोई संतान नही है।
फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ।
