
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
प्रतिभा, लगन और निरंतर मेहनत के दम पर सफलता की नई इबारत लिखते हुए लालपुर (बुढ़नपुर) निवासी रेनू सिंह ने जिले का गौरव बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से आयोजित एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में उनका चयन गणित विषय के सहायक अध्यापक पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
रेनू सिंह हरिऔध नगर (हीरा पट्टी) निवासी बैरिस्टर सिंह की पुत्री हैं। उनका विवाह लालपुर (बुढ़नपुर) निवासी उदय प्रताप सिंह के पुत्र अखंड प्रताप सिंह के साथ हुआ है। रेनू सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, पति, ससुराल पक्ष के सदस्यों तथा गुरुजनों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया है।
उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिवार के निरंतर सहयोग ने उन्हें इस लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सफलता इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
रेनू सिंह के चयन की खबर मिलते ही उनके मायके हरिऔध नगर (हीरा पट्टी) और ससुराल लालपुर (बुढ़नपुर) में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की तथा रेनू सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
