दैनिक भारत न्यूज

बिलरियागंज।
स्थानीय विकास खंड अंतर्गत बिन्दवल जयराजपुर के अग्नि पीड़ितों के आंसू पोछने के लिए उद्योग व्यापार मंडल बिलरियागंज ने हाथ बढ़ाया। अग्नि पीड़ित परिवारों को चावल, आटा, तेल, नमक, वर्तन, कपड़े, कम्बल आदि राहत सामग्री मुहैया कराई गई। इन समानों को पाकर भावुक हो उठे अग्निपीड़ितों के आंखों से आंसू छलक उठें। उन्हें महसूस हुआ कि पृथ्वी पर मानवता आज भी जिंदा है। व्यापार मंडल के महामंत्री अंबिका प्रजापति ने कहा कि किसी व्यक्ति की दुखभरी जिंदगी में मुस्कान लाना व्यापार मंडल बिलरियागंज की सोच है। इसी सोच के साथ हम सभी यहां आए हैं। अग्नि पीड़ितों ने व्यापार मंडल के लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। बता दें कि अभी कुछ दिन पहले विकास खंड बिलरियागंज अंतर्गत बिंदवल जयराजपुर में तीन घरों में आग लग जाने से आशियाना सहित घर गृहस्थी के सारे सामान जल कर राख हो गये थे। अग्नि पीड़ितों के समक्ष एक एक दिन गुजारना मुश्किल हो गया था। वे इस ठंड के मौसम में खुले आसमान में भूखों रहने को विवश थे। ऐसे में यह राहत सामग्री उनके लिए संजीवनी साबित हुई। अग्नि पीड़ितों को शासन से अविलंब सरकारी आवास मुहैया कराने की मांग की गई। साथ ही व्यापार मंडल के लोगों ने क्षेत्र वासियों से अग्निपीड़ितों की यथा संभव सहायता करने की अपील करते हुए कहा कि हर संकट ग्रस्त अथवा गरीब इंसान की सहायता करना सबसे बड़ा धर्म है। इस मौके पर व्यापार मंडल बिलरियागंज के महामंत्री अंबिका प्रजापति, संयोजक अमित गुप्ता, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा, जिला मंत्री दुर्गा गुप्ता आदि सहित तमाम ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *