दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
जिले के देवगांव कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि भाग रहे दूसरे बदमा को घेराबंदी करके पकड़ लिया गया। इनके कब्जे से तमंचा, कारतूस और लूटे गये आभूषण बरामद हुए। घायल बदमाश अस्पताल में इलाज चल रहा।

सीओ लालगंज भूपेश पांडेय के मुताबिक दिनांक 16 जून 2026 को देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कंजहित गांव निवासी जयनारायण दुबे पुत्र रामनाथ दुबे ने थाने में तहरीर दिया। जिसमें आरोप है कि उनकी पत्नी मनोरमा दुबे से दो अज्ञात व्यक्तियों ने सोने के गहने साफ करने का झांसा देकर उनके सोने के आभूषण प्राप्त कर लिये तथा विरोध करने पर असलहा दिखाकर भयभीत कर मौके से फरार हो गये। पुलिस इस घटना की रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश में जुट गयी।

सीओ ने बताया कि 20 जून की रात को मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी पल्हना राजेश कुमार सिंह द्वारा गायत्री मोड़ पर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मेहनाजपुर की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिये। पुलिस टीम को देखकर दोनों अचानक वाहन की गति बढ़ाकर लहुवां की तरफ भागने लगे।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय तथा चौकी प्रभारी लालगंज उप निरीक्षक रविन्द्रनाथ पांडेय मय पुलिस बल द्वारा पीछा किया गया। पीछा करते हुए पुलिस टीम सरूपहां क्षेत्र में पहुंची, जहां भाग रहे बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गयी। पुलिस द्वारा चारों तरफ से घेराबन्दी कर आत्मसमर्पण करने हेतु चेतावनी दी गयी, किन्तु बदमाशों ने पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी नियंत्रित जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा अभियुक्त मौके का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
घायल अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम चाहत कुमार पुत्र स्व. मिथिलेश शाह निवासी ग्राम समेली थाना कुरसेला जनपद कटिहार (बिहार), उम्र 22 वर्ष बताया तथा दूसरे अभियुक्त ने अपना नाम मुन्ना शाह पुत्र स्व. जोगेन्द्र शाह निवासी ग्राम समेली थाना कुरसेला जनपद कटिहार (बिहार), उम्र 45 वर्ष बताया। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु चिकित्सालय भेजा गया। इन दोनों के कब्जे से एक सोने की चेन, दो कान की झाली, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए।

सीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों बदमाशों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इन दोनों ने बताया कि गहना साफ करने के बहाने महिलाओं से उनके आभूषण अपने पास ले लेते थे। गहना इकट्ठा हो जाने पर भाग जाते थे। जब कोई विरोध करता तो तमंचा निकाल लेते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *