दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
जनपद के पवई थाना क्षेत्र में महिला पर जानलेवा हमला करने वाले वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई नियंत्रित फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को पवई कस्बे में एक महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी सुजीत मौर्य (33 वर्ष) महिला को एकतरफा पसंद करता था और लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था। घटना वाली रात महिला मोबाइल पर बात करते हुए घर के अंदर गई, तभी आरोपी चोरी-छिपे उसके पीछे घर में घुस गया और घर के अंदर छिप गया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर दो वार और हाथ पर एक वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा मौके से फरार हो गया।

घटना के संबंध में थाना पवई पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गयी।
17 जुलाई की रात पवई थाने की पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी खंडोरा अंडरपास के पास छिपा हुआ है और फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने खुद को घिरा पाकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी दोबारा तमंचा लोड करने लगा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *