
दैनिक भारत न्यूज
वाराणसी।
कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा थाने की पुलिस ने पशु आहार की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 32 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, तस्कर उड़िसा से गांजा लेकर जा रहा था। गांजे की बोरी को पशु आहार की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने जांच के दौरान बोरे में पशु आहार के बीच छिपाकर रखे गए गांजे के 30 पैकेट बरामद किए।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान गांजा बरामद होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन और गांजे को जब्त कर लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। जांच की जा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और वाराणसी में इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी।
इस मामले में एसीपी चेतगंज, वाराणसी कमिश्नरेट शुभम जैन ने कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।
