आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर अथर्व आर्ट फाउंडेशन की ओर से होटल ग्रैंड एसआर में मां दुर्गा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाउंडेशन के संस्थापक अनुराग मौर्य के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों और शक्ति का चित्रण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, गोपालपुर विधायक नफीस अहमद, प्रसिद्ध मूर्तिकार शैलेंद्र सिंह सिद्धार्थ, नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष कमलेंद्र नाथ मिश्रा, सेंट जेवियर्स किंडरगार्टन स्कूल की प्रधानाध्यापिका यामिनी अरोड़ा तथा रेनबो हॉस्पिटल के प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में एसकेपी इंटर कॉलेज के रमेश चंद्र यादव और प्रसिद्ध कलाकार अचिंत्य शर्मा शामिल रहे। प्रतिभागियों की कलाकृतियों की गुणवत्ता और रचनात्मकता को देखते हुए निर्णायकों के लिए विजेताओं का चयन करना चुनौतीपूर्ण रहा।

प्रतियोगिता को तीन वर्गों में बांटा गया था। वर्ग ‘अ’ में कक्षा छह से आठ, वर्ग ‘ब’ में कक्षा नौ से 12 तथा वर्ग ‘स’ में स्नातक स्तर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। वर्ग ‘अ’ में अथर्व मधेशिया ने प्रथम, समीक्षा ने द्वितीय और अथर्व सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वर्ग ‘ब’ में शगुन सिंह प्रथम, योगिता यादव द्वितीय और आर्या पाल तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, वर्ग ‘स’ में नंदिनी सैनी ने प्रथम, अंजली वर्मा ने द्वितीय और संपदा सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण ‘शक्ति विजेता’ श्रेणी रही, जिसमें अंजली मौर्या को चुना गया। वहीं, स्पेशल कैटेगरी में प्रिया को विजेता घोषित कर सम्मानित किया गया। शक्ति विजेता अंजली मौर्या को अथर्व आर्ट फाउंडेशन की ओर से एक वर्ष तक निःशुल्क कला शिक्षा प्रदान की जाएगी।

सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र दिया गया, जबकि विजेताओं को मंच से प्रमाण-पत्र, स्मृति चिह्न और ईजल स्टैंड देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण अतिथियों और फाउंडेशन के संस्थापक अनुराग मौर्य ने किया।

कार्यक्रम के अंत में अनुराग मौर्य ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों, प्रतिभागियों, अभिभावकों, सहयोगियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *