चौकों खुर्द में निशुल्क नेत्र शिविर और आयुष्मान कार्ड कैंप, 135 लोगों की आंखों की जांच, 150 को मिला लाभ

आजमगढ़। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के अजमतगढ़ विकासखंड अंतर्गत चौकों खुर्द ग्राम पंचायत सचिवालय में शनिवार को निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर और आयुष्मान कार्ड कैंप का आयोजन किया गया। रमा फैसिलिटी हॉस्पिटल, नरौली, आजमगढ़ के चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. अमित सिंह की पहल पर आयोजित इस शिविर में गरीबों, किसानों और मजदूरों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में लगभग 135 लोगों की आंखों की जांच की गई, जबकि 150 लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिला।

डॉ. अमित सिंह ने कहा कि कर्म ही पूजा है और धर्म ही सेवा है। गरीबों, असहायों, किसानों और मजदूरों की सेवा करना ही उनका उद्देश्य है। इसी सोच के साथ सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के गांवों में निशुल्क नेत्र शिविर और आयुष्मान कार्ड कैंप लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की आंखों की जांच के साथ जरूरत के अनुसार दवाएं और चश्मे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिल रही है।

शिविर में डॉ. रवि श्रीवास्तव और डॉ. अमित सिंह के सहयोगी मनीष सिंह ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

डॉ. रवि श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर में मोतियाबिंद के मरीजों की संख्या अधिक देखने को मिल रही है। इसके अलावा आंखों में माड़ा आने और कम दिखाई देने जैसी समस्याएं भी सामने आईं। उन्होंने बच्चों की आंखों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों को मोबाइल और टीवी के अत्यधिक इस्तेमाल से बचाना चाहिए, ताकि उनकी आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

शिविर में लालचंद यादव, धीरज प्रजापति, गुलाब, संदीप, माया सोनकर, दिनेश कुमार, कैलाश, अमरजीत, धर्मनाथ, जयंत गुप्ता, राधेश्याम, नरेश, सुनीता, साहिल, प्रभुनाथ, कालिंदी, विमल, कबूतरी और किरण कुमारी सहित अन्य ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *