
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
दुष्कर्म के मामले में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने फूलपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक को चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर जांच करने का आदेश दिया है। इस मामले में पीड़िता ने अपने अधिवक्ता विंध्यवासिनी प्रसाद सिंह के माध्यम से कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था। जिसके अनुसार पीड़िता फूलपुर थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज की छात्रा है। उसी कॉलेज के छात्र आकाश सोनकर, सुनील यादव, बरनीत यादव तथा सनी गौतम पीड़िता के साथ अक्सर छेड़खानी करते थे। इसी बीच पीड़िता की शादी की बात कहीं और चलने लगी तो आकाश सोनकर ने 23 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता और भाई को धमकी दी थी। जब पिता और भाई ने स्थानीय थाने पर इसकी सूचना दी तो पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। पीड़िता 16 अगस्त 2026 को अपनी बहन के साथ पिता की दुकान से घर आ रही थी तो बूंदाबादी होने के कारण एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। तभी वहां आकाश सोनकर अपने साथियों के साथ आ गया और कट्टे के बल पर पीड़िता को थोड़ी दूर बाजरे के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके साथियों ने उसका साथ दिया। इस मामले के तथ्य एवं परिस्थितियों को देखते हुए एसीजेएम कोर्ट नंबर दस नीतिका राजन ने फूलपुर थाना प्रभारी को आकाश सोनकर समेत सभी चारों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर जांच करने का आदेश दिया।
