
दैनिक भारत न्यूज
बाराबंकी।
शहर कोतवाली बाराबंकी क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे किनारे स्थित नामचीन शंग्रीला फैमिली रेस्टोरेंट की पार्किंग में खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर चोर करीब एक करोड़ का आभूषण और 30 हजार नगद चुरा ले गये। घटना के समय पीड़ित परिवार बहराइच में एक शादी समारोह से शामिल होकर लखनऊ लौट रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही।
पीड़ित इकराम खान मूल रूप से बाराबंकी के बदोसराय के निवासी हैं, जो वर्तमान में लखनऊ में रहते है। मंगलवार की रात इकराम खान परिवार के साथ बहराइच में शादी समारोह से लौटते समय रात करीब 9 बजे हाईवे किनारे स्थित शंग्रीला रेस्टोरेंट पर खाना खाने के लिए रुके थे। कार को रेस्टोरेंट के ठीक सामने बनी पार्किंग में खड़ा करके पूरा परिवार अंदर चला गया। करीब एक घंटे बाद जब वे वापस लौटे, तो कार की खिड़की का शीशा चकनाचूर था और अंदर रखे करोड़ों के गहनों व नगदी से भरा बैग गायब था।
पीड़ित इकराम खान ने बताया कि रेस्टोरेंट की पार्किंग के पास हमने गाड़ी खड़ी की थी। हमारे साथ महिलाएं थीं। लखनऊ वाले घर पर कोई नहीं था इसलिए सुरक्षा के लिहाज से हम अपना सारा सोना साथ ही ले आए थे। सोने वाले इसी बैग में 30 हजार रुपये की नगदी भी थी, जिसे चोर कार की खिड़की का शीशा तोड़कर उड़ा ले गए। गाड़ी में महिलाओं के सवार होने की वजह से शायद चोरों को भनक लग गई थी कि कार के अंदर कोई कीमती सामान है। पीड़ित के अनुसार घटना के बाद रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और पीड़ित परिवार को आगे की कार्रवाई के लिए अगले दिन बुधवार की सुबह बुलाया।
