
दैनिक भारत न्यूज
बरेली।
जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर एक व्यक्ति द्वारा अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किए जाने की घटना के बाद से जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर डीएम कार्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है।
एलआईयू टीम के ओमपाल सिंह के नेतृत्व में डीएम कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर विशेष सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी और आगंतुक की गहन तलाशी ली गई। उनके बैग, थैले एवं अन्य सामान की जांच की गई ताकि कोई भी व्यक्ति पेट्रोल, माचिस, लाइटर या अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर परिसर में प्रवेश न कर सके।
सुरक्षा टीम ने फरियादियों से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि यह अभियान पूरी तरह एहतियात के तौर पर चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना तथा जिलाधिकारी कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों, कर्मचारियों और अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रशासन के अनुसार फिलहाल यह विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
