
राकेश चतुर्वेदी
मेहनगर (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा ठूठिया में मंगलवार की रात फूड प्वाइजनिंग की सूचना से स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल गांव पहुंच गईं। बाद में जांच में फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि नहीं होने पर सूचना भ्रामक निकली।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय अंतिमा पुत्री हीरालाल, जो बीए की छात्रा और चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी, ने मंगलवार रात परिवार के साथ भोजन किया। भोजन के बाद वह अपनी भाभी ममता पत्नी अच्छेलाल (30 वर्ष) तथा माता मंती देवी पत्नी हीरालाल (55 वर्ष) के साथ सोने चली गई। रात में तीनों को अचानक सिरदर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। परिजन उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने अंतिमा को रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें लालगंज ले जाया गया, जहां अंतिमा की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर भेजा गया, लेकिन रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई। अन्य दोनों महिलाओं का उपचार कराया गया जो अब ठीक है
इसी बीच किसी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहनगर को सूचना दी कि गांव में फूड प्वाइजनिंग से एक की मौत और दो लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम डॉ. जैनेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में गांव पहुंची। टीम ने गांव में दवा का छिड़काव, साफ-सफाई तथा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कराया। मेहनगर थाना प्रभारी अभिराज भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मृतका का अंतिम संस्कार बिना पुलिस सूचना के परिजनों द्वारा कर दिया गया। गांव में एहतियात के तौर पर साफ-सफाई और दवा के छिड़काव का कार्य जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना की अपुष्ट या भ्रामक सूचना फैलाने से बचें, ताकि अनावश्यक अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न न हो। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ जैनेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में दवा का छिड़काव कर घरघर लोगों का परीक्षण भी किया जा रहा है मौके पर डिप्टी सीएमओ ने भी सूचना के आधार पर गांवमे पहुंचे जहां स्वास्थ्य टीम द्वरा किए गए उपचार का परीक्षण भी लिया।
