दैनिक भारत न्यूज

मऊ।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र में गोरखपुर-मऊ के बीच से होकर बहने वाली घाघरा नदी के किनारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ तंत्र-मंत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गयी है।
घाघरा नदी के किनारे प्रधानमंत्री की तस्वीर के चारो ओर नींबू, रक्षा सूत्र में लिपटे चार नारियल रखा गया है। तस्वीर के आसपास भगवा रंग का अबीर, अखबार में लिपटी संदिग्ध सामग्री और नौ नींबू भी रखा गया था।
वीडियो सामने आने के बाद इस गतिविधि को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, इस सामग्री को लेकर किए जा रहे दावों और इसके पीछे की मंशा की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस संबंध में सीओ घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ कथित टोटके का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिलने के बाद दोहरीघाट पुलिस और साइबर सेल को सक्रिय करते हुए साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्वीर और कथित तांत्रिक सामग्री किसने रखी, वीडियो किसने बनाया और इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के पीछे क्या उद्देश्य था। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *