दैनिक भारत न्यूज

गाजियाबाद।
अगर आप रेस्टोरेंट, शादी या सड़क किनारे बड़े शौक से सोया चाप खाते हैं, तो ये खबर आपको चौंका सकती है। गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित गणेशपुरी इलाके में फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी में ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें देखकर शायद आप अगली बार चाप खाने से पहले दो बार सोचेंगे। यहां एक फैक्ट्री में बेहद गंदगी और अनहाइजीनिक माहौल में सोया चाप तैयार की जा रही थी। आरोप है कि सोया चाप के नाम पर लोगों को मैदे से बने उत्पाद खिलाए जा रहे थे, साथ ही आर्टिफिशियल रंगों का इस्तेमाल भी किया जा रहा था।
बता दें कि गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र के गणेशपुरी में फूड सेफ्टी विभाग ने एक सोया चाप फैक्ट्री पर छापेमारी की। जांच के दौरान फैक्ट्री के अंदर का नजारा बेहद चौंकाने वाला था। जिस जगह खाने की चीजें बन रही थीं, वहीं कर्मचारी चप्पल-जूते पहनकर काम कर रहे थे। चारों ओर गंदगी फैली हुई थी और साफ-सफाई के बुनियादी मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।
यहां कथित तौर पर सोया चाप के नाम पर मैदा आधारित उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। इसके अलावा उत्पादों को आकर्षक दिखाने के लिए आर्टिफिशियल कलर का इस्तेमाल किए जाने की भी बात सामने आई। फूड सेफ्टी टीम ने मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। हैरानी की बात यह रही कि यह फैक्ट्री रिहायशी इलाके में संचालित की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान कई खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां पाई गईं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *