
दैनिक भारत न्यूज
मेहनगर (आजमगढ़)।
दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल और मेहनगर थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने दुर्गा पंडालों एवं विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल ने दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों से अपील की कि सभी दुर्गा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बालू और पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखें। पंडालों में बिजली के तार खुले या कटे-फटे नहीं होने चाहिए। बिजली की सजावट करते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने कहा कि दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित स्थानों पर व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया।
