
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर नारी शक्ति संस्थान द्वारा नगर सहित ग्रामीणांचल तक पर्यावरण जागरुकता अभियान चलाया गया। इस मौके पर 151 पौधों का वितरण कर ’’वृक्ष धरा के आभूषण हैं, जो करते दूर प्रदूषण हैं’’ के जरिये जागरूकता की अलख जगाई गई।
इस मौके पर नारी शक्ति संस्थान की सचिव डा. पूनम तिवारी ने कहा कि वृक्ष धरा के भूषण हैं और जितना अधिक पृथ्वी पर हरियाली होगी उतनी ही आगामी पीढ़ियां सुरक्षित और खुशहाल होंगी। इसीलिए हम न सिर्फ पौधे लगायें, बल्कि बड़े होने तक उनकी पूरी देखभाल भी करें। संस्था विगत 16 वर्षों से व्यापक पैमाने पर जागरूक अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम संचालित कर रही है।
डा. तिवारी ने आगे बताया कि पौधारोपण की कमी से आज प्रकृति हमे सचेत कर रही है। हमे चेत जाना चाहिए कि जब पर्यावरण संतुलित होगा तो मौसम हमारे अनुकूल रहेंगे और पर्याप्त मात्रा में वर्षा होगी। अन्यथा जैसे तापमान आज संकट को बढ़ा रहा है उसी तरह और भी प्राकृतिक परेशानियों से जुझना पड़ेगा। नारी शक्ति संस्थान की तरफ से नगर के भंवरनाथ चौराहा एवं नरौली तिराहे पर आम,अमरूद, आंवला,नीम, नीबू आदि के पौधों का वितरण किया गया।
संस्था अध्यक्ष मंजू उपाध्याय ने कहा कि हम सभी अच्छे वातावरण की बातें जरूर करते है, लेकिन इसके लिए व्यापक कदम उठाने के प्रति हम उतने ही लापरवाह हैं। नारी शक्ति संस्थान ने पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण करने का जो निर्णय लिया वह सराहनीय हैं। आज ग्लोबल वार्मिंग से समूचा विश्व परेशान हैं, लेकिन भारतीय संस्कृति पौधों को प्रकृति के रूप में पूजन अर्चन कर संरक्षण का काम करती है। हमें फिर से अपनी संस्कृति को पर्यावरण के प्रति नई दिशा देने की आवश्यकता है।
पौधावितरण करने वालों में सुधा तिवारी, दीपशिखा पांडेय, पूनम यशपाल सिंह, आभा अग्रवाल, अमिता श्रीवास्तव, अनामिका प्रजापति, सुनीता मौर्या, उमा प्रजापति, ममता शर्मा, अमिता श्रीवास्तव, चंदा तिवारी, अनामिका राय, अन्नू सिंह, नीतू सौम्य,नीलम अस्थाना, अमिता बरनवाल आदि नारी शक्तियां उपस्थित रहीं।
