आशीष तिवारी

गाजीपुर।
सदर कोतवाली गाजीपुर क्षेत्र फुल्लनपुर के पास गत 29 मई को होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय की हत्या करके फरार चल रहे एक लाख रुपये का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई थी। मुठभेड़ में बदमाश की गोली लगने से स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी घायल हो गये। उनका इलाज चल रहा है।
एसपी गाजीपुर ईरज राजा के मुताबिक सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था गांव में पुलिस टीम की एक लाख के ईनामी बदमाश कमलेश चौधरी से मुठभेड़ हुई है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शातिर बदमाश कमलेश चौधरी मारा गया है। कमलेश चौधरी गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय हत्याकांड में वांछित था। विनीत राय हत्याकांड के बाद से ही मामले में आरोपी बदमाश कमलेश चौधरी फरार चल रहा था।
एसपी ने बताया कि 29 मई को
सदर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर में होटल बिंदु के मालिक आलोक राय के बेटे विनीत राय की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना में कटरा गैंग के शंकर पांडेय, कमलेश चौधरी, आलोक दुबे, सोनू यादव के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराई गयी थी। नामजद आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की छह टीमें जुटी हुई थी। इसी दौरान बुधवार की देर शाम पुलिस को फरार बदमाश कमलेश चौधरी के आने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था गांव पहुंचकर घेराबंदी करने लगी। पुलिस की घेराबंदी देख कमलेश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।मुठभेड़ के दौरान बदमाश कमलेश की तरफ से की गई फायरिंग में स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को हाथ गोली लगी और वो घायल हो गए। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश कमलेश चौधरी बुरी तरह घायल हो गया। उसे गाजीपुर मेडिकल कालेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *