दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के समावेश एवं छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर में भारतीय स्टेट बैंक के सौजन्य से स्थापित स्मार्ट क्लास का लोकार्पण जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा किया गया।
जिलाधिकारी ने स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि स्मार्ट क्लास का लाभ केवल सीमित कक्षाओं तक न रहे, बल्कि कक्षा 1 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं को इसका लाभ सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने प्रधानाचार्या को निर्देश दिया कि इसके लिए दिनवार एवं कक्षावार समय-सारिणी निर्धारित की जाए, जिससे सभी विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था का समान अवसर प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण अधिगम का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से छात्राएं विषयों को अधिक रोचक एवं प्रभावी ढंग से समझ सकेंगी तथा उनकी सीखने की क्षमता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे इस सहयोग की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व की उत्कृष्ट पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या रूबी खातून ने बताया कि यह उनके विद्यालय का छठा स्मार्ट क्लास है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि विद्यालय में कुल 12 स्मार्ट क्लास स्थापित हो जाएं, जिससे कक्षा 1 से 12 तक की सभी कक्षाओं को स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे छात्राओं को आधुनिक एवं तकनीक-संपन्न शिक्षण वातावरण प्राप्त होगा।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के कौशलेन्द्र कुमार, महाप्रबंधक नेटवर्क-3, आनन्द कुमार, उप महाप्रबंधक वाराणसी अंचल, अजीत कुमार तिवारी, क्षेत्रीय प्रबंधक पंचम, आजमगढ़ सहित विद्यालय के शिक्षकगण, छात्राएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *