आशीष तिवारी

आजमगढ़।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के प्रयासों से हरिऔध कला केंद्र में संग्रहालय एवं पुस्तकालय की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है। परियोजना की अनुमानित लागत 2.50 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए 50 लाख रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद हरिऔध कला केंद्र आजमगढ़ की साहित्यिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ उसके प्रदर्शन का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां जनपद के महान साहित्यकारों के योगदान, स्थानीय कला, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ी महत्वपूर्ण सामग्री को संग्रहित कर प्रदर्शित किया जाएगा।

*नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने की पहल*

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की पहल का मुख्य उद्देश्य आजमगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना और यहां के साहित्यकारों एवं ऐतिहासिक विरासत को उचित स्थान दिलाना है। संग्रहालय और पुस्तकालय के माध्यम से विद्यार्थियों, शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों और आम लोगों को जनपद के इतिहास एवं साहित्य को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय साहित्य और कला से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों एवं धरोहरों को व्यवस्थित रूप से संरक्षित किया जा सकेगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी जिले की समृद्ध परंपरा से परिचित हो सकें। शासन की ओर से जारी पत्र के अनुसार, संग्रहालय एवं पुस्तकालय की स्थापना और क्यूरेशन संबंधी कार्यों के लिए कुल 2.50 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत निर्धारित की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस परियोजना के लिए 50 लाख रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। परियोजना के तहत संग्रहालय में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की सामग्री का संग्रह, संरक्षण और प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, पुस्तकालय में साहित्यिक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों के माध्यम से अध्ययन और शोध को प्रोत्साहन मिलेगा। पर्यटन अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि हरिऔध कला केंद्र में संग्रहालय एवं पुस्तकालय की स्थापना से जनपद में साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। यह केंद्र विद्यार्थियों, शोधार्थियों और साहित्य प्रेमियों के लिए ज्ञान एवं शोध का महत्वपूर्ण स्थान बनेगा। उन्होने बताया कि इस पहल से स्थानीय साहित्यकारों के योगदान और आजमगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी। जिलाधिकारी की पहल पर प्रस्तावित यह परियोजना आजमगढ़ की ऐतिहासिक एवं साहित्यिक पहचान को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से जिले की विरासत को केवल सहेजा ही नहीं जाएगा, बल्कि उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *