आशीष तिवारी

आजमगढ़।
नवंबर माह के अंत तक जनपद के कई थानों के थानाध्यक्ष बदल दिए जाएंगे। इनके स्थान पर नये थानाध्यक्षों की तैनाती की जाएगी। ट्रांसफर होने वाले पुलिसकर्मियों का आजमगढ़ जनपद में तीन साल तक का कार्यकाल पूरा हो चुका है। ऐसे में इन्हें गैर जनपद भेज दिया जाएगा। शासन के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार द्वारा तीन साल पूरा कर लेने वाले पुलिसकर्मियों की सूची तैयार करवाई जा रही है। आगामी चुनाव को देखते हुए यह कवायद की जा रही है।
जिले में महिला और साइबर थाना को मिलाकर कुल 27 थाने हैं। इन थानों के प्रभारी निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को बनाया गया है। इनके अलावा पुलिस विभाग के कई प्रमुख पटलों पर भी इंस्पेक्टर और सबइंस्पेक्टर तैनात हैं। इन विभिन्न पदों पर आसीन कईयों की ड्यूटी का निर्धारित तीन साल से अधिक की अवधि पूरी हो चुकी है। एक ही पद पर काफी दिनों से जमे इन पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर गैरजनपद में किया जाएगा। मानना है कि लगातार तीन वर्ष से अधिक की अवधि बीताने के साथ ही इनके विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों से प्रगाढ़ता बढ़ गई है। जिसका प्रभाव आने वाले चुनाव पर पड़ सकता है। ऐसे में निष्पक्ष चुनाव कराने की मंशा से चुनाव आयोग काम कर रहा है। हालांकि चुनाव में अभी काफी वक्त है, लेकिन उसकी तैयारी जोरशोर से हो रही है। इसके अलावा हाल ही में आजमगढ़ जिले के दो दिवसीय निरीक्षण पर आए वाराणसी जोन के एडीजी नवीन अरोरा ने भी तीन साल से अधिक समय से जनपद में जमे पुलिसकर्मियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया था। जिसके बाद से ही यह सूची तैयार करवाई जा रही है। चूंकि यह कार्य हर हाल में 30 नवंबर तक पूरा कर लेना है। ऐसे में इस विषय पर काम करने में अधिकारी कुछ ज्यादा ही रुची लेते हुए नामों की छंटनी करवा रहे हैं। उधर गैर जनपद ट्रांसफर होने वाले पुलिसकर्मी अभी से अपने अगले मनचाहे पड़ाव के लिए गुणा-गणित में जुट गए हैं। उनका ध्यान ड्यूटी करने में कम, अगले पड़ाव और मनचाहे जगह पर ज्यादा लगा हुआ है।

*गैर जनपद ट्रांसफर होंगे 24 इंस्पेक्टर*

वरिष्ड पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने कहा कि एक जनपद में तीन साल से अधिक समय से 24 इंस्पेक्टर हैं। जिनका स्थानांतरण गैर जनपद करने के लिए सूची तैयार की गई है। 30 नवंबर तक यह कार्रवाई की जानी है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई जिला, रेंज और जोन स्तर पर की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि जनपद स्तर पर कुछ ऐसे पुलिसकर्मी हैं जिनकी ड्यूटी केवल एक लोकसभा क्षेत्र के थानों में रही है। ऐसे लोगों को दूसरे लोकसभा क्षेत्र में पड़ने वाले थानों में तैनात किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *