
दैनिक भारत न्यूज
बलिया।
जनपद बलिया में चितबड़ा थाना क्षेत्र में धर्मापुर नवकापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार की रात 28 वर्षीय दरोगा का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई।
बताया गया कि 14 नवंबर की रात साढ़े आठ बजे सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। उनकी बुलेट मोटर साइकल घटना स्थल पर खड़ी मिली। ट्रेन के लोको पायलट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार मूल रूप से संत कबीर नगर जिला के निवासी थे। वह 2023 बैच के सब इंस्पेक्टर थे। वह पिछले 11 माह से चितबड़ा थाना बलिया में तैनात थे। हाल में ही उनका स्थानांतरण पकड़ी थाना हुआ था, लेकिन छठ पर्व के नाते उनको कार्यभार से मुक्त नहीं किया गया था। उधर पुलिस अधीक्षक बलिया डा. ईरज राजा का कहना है कि प्रथम दृष्टा मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। वैसे पुलिस इस मामले में विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच से मौत की घटना का शीघ्र खुलासा हो जाएगा कि किन परिस्थितियों में यह घटना घटित हुई।
