आशीष तिवारी

आजमगढ़।
जिले के गम्भीरवन गाँव की बेटी सोनाली सिंह ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने गाँव, जिले और देश का नाम रोशन किया है। सोनाली सिंह और महाराष्ट्र की उनकी जोड़ीदार रितिका ठकेर ने कंपाला इंटरनेशनल 2026 में महिला युगल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया।
युगांडा की राजधानी कंपाला स्थित लुगोगो इंडोर स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने अपनी हमवतन इशिता नेगी और अक्षिता मनराल की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-16, 21-17 से हराकर खिताब पर कब्जा किया।
फाइनल मुकाबले में सोनाली सिंह और रितिका ठकेर ने शुरुआत से ही शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। दोनों गेमों में भारतीय जोड़ी ने बढ़त बनाए रखी और महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतरीन नियंत्रण दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
लखनऊ की बीबीडी बैडमिंटन एकेडमी में अभ्यास करने वाली सोनाली सिंह ने इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के साथ अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है। गम्भीरवन जैसे गाँव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए खिताब जीतना सोनाली के खेल सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।

कंपाला इंटरनेशनल बीडब्ल्यूएफ फ्यूचर सीरीज के तहत आयोजित प्रतियोगिता है, जिसमें विभिन्न देशों के खिलाड़ी महिला एवं पुरुष एकल, युगल और मिश्रित युगल वर्गों में विश्व रैंकिंग अंक और पुरस्कार राशि के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं।

सोनाली सिंह और रितिका ठकेर की यह जीत अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन सर्किट पर उनकी साझेदारी की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सोनाली की इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि छोटे शहरों और गाँवों से निकलने वाली प्रतिभाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *