
दैनिक भारत न्यूज
लालगंज (आजमगढ़) स्थानीय नगर के दक्षिणी छोर परशुराम तिराहा स्थित नेशनल हाईवे पर बना गहरा गड्ढा दो पहिया वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। आए दिन यहां बाइक और स्कूटी सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। हाईवे की एक पटरी पूरी तरह उखड़ गई है। जब से हाईवे का निर्माण हुआ है, तब से यह पटरी बार-बार टूट रही है। कार्यदायी संस्था द्वारा कई बार मरम्मत कराई गई, लेकिन कुछ ही दिनों में सड़क फिर से क्षतिग्रस्त हो जाती है।फिलहाल श्रावण मास में कांवड़ियों का आना-जाना लगा हुआ है। भारी वाहनों, कार और बाइक की भीड़ के बीच यह गड्ढा किसी बड़े हादसे को दावत दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन आंख बंद किए बैठा है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने जिला प्रशासन व नेशनल हाईवे से अविलंब स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।
