
राकेश चतुर्वेदी
मेंहनगर (आजमगढ़)।
जनपद मुख्यालय से चंद कदम दूरी पर मेंहनगर तहसील के करौती गांव निवासी व महाराष्ट्र के नायर हॉस्पिटल से सेवानिवृत्त विनोदानंद जयाहिंदवाला ने मुंबई के पवई स्थित विद्या हाउस में नेताजी परिचय केंद्र की स्थापना की है।
केंद्र का उद्घाटन नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाती इन्द्रनील मित्रा ने किया। उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर 1943 को नेताजी ने आजाद हिंद सरकार बनाई थी, उसी ऐतिहासिक दिन पर यह केंद्र शुरू होना गौरव की बात है। विनोदानंद जी ने पवई जैसे युवा क्षेत्र में जय हिंद की ज्योति जलाई है। नाना जी पूरे भारत के हैं। करौती गांव से निकलकर एक व्यक्ति का यह प्रयास सराहनीय है, इससे नई पीढ़ी असली इतिहास जानेगी।
विनोदानंद जयाहिंदवाला ने कहा, मैं करौती का बेटा हूं, आजमगढ़ की मिट्टी ने जय हिंद बोलना सिखाया। स्वास्थ्य विभाग में सेवा के बाद भी गांव और नेताजी से जुड़ा रहा। युवा ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ का मर्म समझें, यही लक्ष्य है।
पत्रकार रामकुमार त्रिपाठी ने कहा, यह केंद्र पूर्वांचल के लिए प्रेरणा है। यहां दुर्लभ चित्र व साहित्य रहेंगे। हर साल जय हिंद संगोष्ठी होगी और यह ज्योति पूरे देश में फैलेगी। इस दौरान रामबिलास ,सुनील कुमार , विमल मिश्र वरिष्ठ पत्रकार , थानाबद्द लापसिरीकुल शोधार्थी हिंदी विभाग (थाईलैंड) , राजेश विक्रांत वरिष्ठ पत्रकार मुम्बई, रवि यादव कवि पत्रकार सहित उत्तर भारतीय उपस्थित रहे।
