
नरेंद्र बहादुर राय
आजमगढ़।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के चंदा भारी गांव के पास नदी किनारे स्थित जंगल में शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से लटका एक व्यक्ति का शव देखा। मृतक हाफ शर्ट और हाफ पैंट पहने हुए था। शव की खबर मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया। शिनाख्त की कार्रवाई शुरू हुई मगर शव के काफी विकृत हो जाने से काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी। शव के कई दिनों का होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, महाराजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में 27 वर्षीया रिया मिश्रा पत्नी कृष्णकांत मिश्रा का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। चीख पुकार सुनकर मौके पर जुटी भीड़ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच किया। मगर विवाहिता की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना का खुलासा हो सकेगा। तदनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
