
राकेश चतुर्वेदी
मेंहनगर (आजमगढ़)।
मेहनगर थाना क्षेत्र के मालपार गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के दो पक्षों में विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इसमें करीब एक दर्जन छात्राएं घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस घायल छात्राओं से पूछताछ करके सच का पता लगाने में जुट गयी है।
जानकारी के मुताबिक सिंहपुर स्थित छांगुर राम इंटर कॉलेज से छात्राएं छुट्टी के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान स्कूली विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। मारपीट में शिवांगी, अनुष्का पुत्री मनोज, सुहाना पुत्री बहादुर, सुहानी, अंशिका, संजना समेत कई छात्राएं घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष की नैना, निर्जला और निकिता भी विवाद में शामिल बताई गई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन घायल छात्राओं को तहसील परिसर लेकर पहुंचे। वहां मौजूद एसडीएम अशोक कुमार ने छात्राओं की हालत देखते हुए एंबुलेंस से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। सीएचसी में घायलों का उपचार चल रहा है। चिकित्सक जैनेंद्र कुमार ने बताया कि सभी घायलों को दवा इलाज करके छोड़ दिया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मेहनगर अभिराज सरोज ने बताया कि मामला स्कूली विवाद को लेकर छात्राओं के बीच हुआ है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के अभिभावक एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं।
