आजमगढ़। समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय ईशदत्त यादव की 27वीं पुण्यतिथि पर नेहरू हाल कलेक्ट्रेट में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और समाजवादी आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि स्वर्गीय ईशदत्त यादव ने चौधरी चरण सिंह और मुलायम सिंह यादव के साथ रहकर समाजवादी आंदोलन को मजबूती प्रदान की। उन्होंने गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों की आवाज को सदन तक पहुंचाने का काम किया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके संघर्ष और समाजवादी विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता से जुड़े संस्मरण साझा किए। इस दौरान कहा गया कि उनके राजनीतिक जीवन और संघर्ष से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
सभा में पूर्व मंत्री बलराम यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, राम आसरे विश्वकर्मा समेत कई सपा नेताओं ने स्वर्गीय ईशदत्त यादव से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा अपने राजनीतिक संकल्प भी व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की। स्वर्गीय ईशदत्त यादव के पुत्र नंदकिशोर यादव ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
