
अन्य आरोपी पहले ही कर लिए गये हैं गिरफ्तार
रौनापार थाना क्षेत्र के पांडेय का पूरा में हुई थी लोगों के समक्ष चाकू घोंपकर हत्या
रिपोर्टः आशीष तिवारी
आजमगढ़।
रौनापार थाना क्षेत्र के पांडेय का पूरा लख्मी रोहुवार गांव में सोमवार की दोपहर महिला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गयी थी। दिन दहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गयी थी। घटना का कारण जमीनी विवाद था। बुधवार को एसपी अनुराग आर्य की टीम ने मुख्य हत्यारोपी को मुठभेड़ में घायल कर दिया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश अतुल पांडेय है। उका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना से जुड़े अन्य आरोपी भी सलाखों के पीछे ढकेल दिए गये हैं।
इस जघन्य हत्या के मामले में पुलिस की तरफ से अब तक की गयी कार्रवाई से क्षेत्रिय लोगों में संतोष दिखा। हर तरफ इसी घटना और कार्रवाई की चर्चा हो रही थी।
यह रहा घटनाक्रमः
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक रौनापार थाने के पांडेय का पूरा लख्मी रोहुआर गांव निवासी गौरव कुमार मौर्य पुत्र अभिमन्यु मौर्य ने 11 सितंबर को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें आरोप था की गांव के स्वामीनाथ पाण्डेय पुत्र रामविजय पाण्डेय, अतुल पाण्डेय पुत्र रामविजय पाण्डेय, विपुल पाण्डेय पुत्र श्यामसुन्दर पाण्डेय, विवेक पाण्डेय पुत्र नरेन्द्र पाण्डेय और मुस्कान पाण्डेय पुत्री नरेन्द्र पाण्डेय आबादी की जमीन के विवाद में
उसकी माँ शीला देवी व पिता अभिमन्यु मौर्या को चाकू घोंपकर घायल कर दिए। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान शीला की मौत हो गयी। जबकि उसका पति जीवन मौत से संघर्ष कर रहा है। पुलिस तहरीर के मुताबिक केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गयी।
गिरफ्तार हुए आरोपी, बरामद हुए आला कत्लः
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक 13 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक रौनापार द्वारा मुकदमे के आरोपी स्वामीनाथ पाण्डेय पुत्र रामविजय पाण्डेय, विपुल पाण्डेय पुत्र श्यामसुन्दर पाण्डेय, विवेक पाण्डेय पुत्र नरेन्द्र पाण्डेय, मुस्कान पाण्डेय पुत्री नरेन्द्र पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान अभियुक्त विवेक पाण्डेय के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 1 चाकू बरामद किया गया। शेष एक अभियुक्त अतुल पाण्डेय पुत्र रामविजय पाण्डेय फरार चल रहा था। जिसकी तलाश की जा रही थी।
ऐसे चली पुलिस और बदमाश के बीच गोलियांः
एसपी के मुताबिक बुधवार को प्रभारी निरीक्षक रौनापार मय हमराह द्वारा मुखबीर की सूचना पर मुकदमा उपरोक्त से सम्बन्धित अभियुक्त अतुल पाण्डेय पुत्र रामविजय पाण्डेय को सुरौली ब्रेकर से समय करीब 19:35 बजे गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की निशादेही पर आजमगढ़ दोहरीघाट रोड के पास वहदग्राम पाण्डेय पूरा में समय करीब 20:20 बजे आला कत्ल बरामद करने पहुचें, जहां पर अभियुक्त द्वारा पहले से आलाकत्ल के साथ अवैध असलहा छिपा कर रखा गया था, अभियुक्त असलहे को निकालकर तेजी से भगा और जान से मारने की नियत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग किया। पुलिस द्वारा जवाबी कार्यवाही करते हुये आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की गयी। जिसमें अभियुक्त अतुल पाण्डेय के बायें पैर में गोली लगी है, उपचार हेतु सीएचसी लाटघाट ले जाया गया। जहां से अभियुक्त को जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर किया गया है।
आरोपी के कब्जे से बरामद हुआ आलाकत्लः
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक घायल अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल एक चाकू, एक तमन्चा 315 बोर, एक खोखा एवं एक जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया।
