दैनिक भारत न्यूज

गाजीपुर।
जिले के सुहवल थाना क्षेत्र में बाढ़ के खतरे के बीच पुलिस और नागरिक प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस गंगा नदी के टापू में फंसे 12 चरवाहों और उनकी करीब दो हजार से अधिक भेड़ों को बचा लिया गया।
पुलिस के मुताबिक 30 अगस्त 2026 की रात्रि को सूचना प्राप्त हुई कि गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण ग्राम डूहिया सरैया (थाना सुहवल) के पास नदी के टापू पर कई भेड़ चरवाहे अपनी भेड़ों के साथ फंस गए हैं।
सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के नेतृत्व में एडीएम, एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी नगर तथा पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ददरी घाट पहुंची।
रात के अंधेरे में फंसे लोगों की सटीक स्थिति का पता लगाने के लिए नाइट विजन ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया गया, जिससे 12 चरवाहों और लगभग 2000 से 2500 भेड़ों की लोकेशन चिन्हित की गई। फ्लड कंपनी PAC, पुलिस टीम, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नाविकों की मदद से तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। लगभग 6 घंटे तक चले जोखिम भरे और अथक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी 12 चरवाहों और 2000 से अधिक भेड़ों को बिना किसी जनहानि के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय ग्रामीणों और चरवाहों ने गाजीपुर पुलिस व प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई और जीवन रक्षा के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *