आशीष तिवारी

आजमगढ़।
सुशासन की अवधारणा को धरातल पर साकार करने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा प्रत्येक कार्यदिवस पूर्वान्ह 10 बजे से 12 बजे तक जनता दर्शन आयोजित कर आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना जाता है।
इसी क्रम में 20 अगस्त 2026 को आयोजित जनता दर्शन में बुद्धिराम पुत्र पल्टू, निवासी साकिन- चकखैरूल्लाह, रानी की सराय, जनपद आजमगढ द्वारा प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अपने घर में स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नल कनेक्शन दिए जाने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने फरियादी की समस्या को सुनते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण को निर्देशित किया कि प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवेदक के घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, जिससे परिवार को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जल निगम ग्रामीण की टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आवेदक बुद्धिराम के घर नल का कनेक्शन स्थापित कर दिया। इसके साथ ही परिवार को घर पर ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो गई।
नल कनेक्शन लगने के बाद आवेदक बुद्धिराम एवं उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के प्रति आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया। परिजनों ने कहा कि जनता दर्शन में अपनी समस्या रखने के बाद जिस तत्परता से उनकी समस्या का समाधान हुआ, उससे उन्हें काफी राहत मिली है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनना ही नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पात्र मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी भी व्यक्ति को अपनी मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष रूप से स्वच्छ पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निस्तारण किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *