
दैनिक भारत न्यूज
रामपुर।
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से विवाहिता की हत्या का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, आरोप है कि दहेज और मायके की संपत्ति को लेकर ससुराल पक्ष लगातार महिला को प्रताड़ित कर रहा था। आरोप है कि 14 अगस्त की रात पति समेत ससुराल के लोगों ने महिला को कमरे में बंद किया, उसके हाथ-पैर बांधे और गर्म धातु से उसके निजी अंग को दागकर उसकी हत्या कर दी, पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र का है, जहां कैमरी थाना क्षेत्र के भटपुरा तारन गांव की रहने वाली 30 वर्षीय नसरीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि नसरीन की शादी वर्ष 2013 में बिलासपुर के रहने वाले इसरार उर्फ गुड्डू से हुई थी, शादी के बाद उसके चार बेटियां और एक बेटा हुए। बताया जाता है कि शादी के कुछ साल बाद नसरीन के माता-पिता की मौत हो गई थी। उसके पिता की संपत्ति सात बेटियों के नाम दर्ज थी, आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष की नजर नसरीन के हिस्से की जमीन पर थी और उस जमीन को बेचकर पैसे लाने का दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि पति इसरार उर्फ गुड्डू के अलावा ससुर, ननद और नंदोई समेत अन्य लोग नसरीन को आए दिन प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि उसके साथ गाली- गलौज की जाती थी और मायके की संपत्ति को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी बीच 14 अगस्त की रात करीब दो बजे कथित तौर पर नसरीन को कमरे में बंद कर दिया गया, परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक उसके हाथ-पैर बांध दिए गए और गर्म धातु से उसके निजी अंग को दागा गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही केमरी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद मायके ले जाकर महिला को सुपुर्द- ए-खाक किया गया। मामले में पुलिस ने पति इसरार उर्फ गुड्डू समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बिजली का तार समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल इस खौफनाक वारदात के पीछे दहेज उत्पीड़न और मायके की संपत्ति को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि हत्या की पूरी वजह और घटना में सभी आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।
