दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच से घर लौट रही युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर युवती को बचाने पहुंचे उसके भाई के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने युवक के गाल पर दांत से काट लिया। पीड़ित परिवार ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, मंगलवार देर शाम वह शौच के बाद घर लौट रही थी। रास्ते में पोखरे के पास स्थित अंबेडकर प्रतिमा के निकट गांव निवासी जितेंद्र ने कथित रूप से उसका रास्ता रोककर हाथ पकड़ लिया और अभद्रता की। विरोध करने पर उसे जमीन पर गिरा दिया। शोर सुनकर पहुंचे भाई ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर गाल पर दांत से काट लिया। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी का भाई अनिल भी मौके पर पहुंच गया और मारपीट में शामिल हो गया।
सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद भी आरोपियों ने दोबारा धमकी दी।
अतरौलिया थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *